
रायपुर | आगामी राज्योत्सव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना द्वारा घोषित रायपुर बंद (31 अक्टूबर) के मद्देनजर पुलिस विभाग सतर्क हो गया है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा एवं पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने गुरुवार को सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में रायपुर के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में अधिकारियों को राज्योत्सव व बंद के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, बदमाशी या हुल्लड़बाजी पर सख्ती से नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराधियों, संदिग्धों और असामाजिक तत्वों पर पैनी निगरानी रखने को कहा गया।
पुलिस अफसरों को आदेश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए सतर्कता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को इस संबंध में पाबंद किया गया है।



