BIG BREAKING :रिश्वत का खेल, डॉक्टर पटेल हुए फेल…
डभरा के डॉक्टर की रिश्वत की डील, विभाग ने कर दी सील

BREAKING : स्वास्थ्य विभाग ने भ्रष्टाचार के मामले में एक चिकित्सक के खिलाफ कठोर कदम उठाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, डॉ. राजेन्द्र कुमार पटेल, प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डभरा, जिला सक्ती को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद निलंबित किया गया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने 17 अक्टूबर 2025 को डॉ. पटेल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के उपरांत वे 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस अभिरक्षा में रहे। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के अंतर्गत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डॉ. पटेल का निलंबन 17 अक्टूबर 2025 से प्रभावशील रहेगा। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, संभाग बिलासपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में वे नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करेंगे।

