क्राइमछत्तीसगढ़रायपुरवायरल ख़बरें
Trending

BREAKING : नवा रायपुर के ‘ब्लू वाटर’ में 72 घंटे से लापता आदिल, गहराई बनी रेस्क्यू में सबसे बड़ी चुनौती; NDRF-SDRF की तलाश जारी…

news82express

रायपुर ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : नवा रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटी गांव स्थित चर्चित ब्लू वाटर में डूबे 24 वर्षीय युवक आदिल खान का 72 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बुधवार शाम दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचे आदिल के डूबने के बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। NDRF और SDRF की टीमें पानी के भीतर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक शव बरामद नहीं हो सका है।

दोस्तों के साथ पहुंचा था ब्लू वाटर

मिली जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी आदिल खान बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने गया था। बताया जा रहा है कि वहां एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी थी। इसी दौरान आदिल गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पानी में तैरता हुआ नजर आ रहा है।

परिजनों को घटना की जानकारी बुधवार शाम करीब 6 बजे दोस्तों के माध्यम से मिली। इसके बाद परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और तब से लगातार अपने बेटे के मिलने की आस लगाए घटनास्थल पर मौजूद हैं।

72 घंटे से जारी है रेस्क्यू, फिर भी नहीं मिला सुराग

आदिल के पानी में डूबने के बाद पुलिस की सूचना पर SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके बाद NDRF की टीम भी तलाश में जुटी। गोताखोरों द्वारा पानी के भीतर लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन ब्लू वाटर की अत्यधिक गहराई और पानी की स्थिति रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

रिपोर्टों के मुताबिक ब्लू वाटर की गहराई 200 फीट से अधिक बताई जा रही है। पानी के करीब 50 फीट नीचे जाने के बाद अत्यधिक ठंडक के कारण गोताखोरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे अधिक गहराई तक पहुंचकर सर्च करना मुश्किल हो रहा है।

अब हाई-रेजोल्यूशन कैमरों से होगी तलाश

रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाने के लिए हाई-रेजोल्यूशन कैमरे मंगाए गए हैं, जो पानी की काफी अधिक गहराई तक जाकर तस्वीर और वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं। इन कैमरों की मदद से पानी के भीतर आदिल के शव की लोकेशन तलाशने की कोशिश की जा रही है।

गहराई को लेकर उठे सवाल, विशेषज्ञ गोताखोरों की मांग

72 घंटे बीत जाने के बाद भी शव नहीं मिलने के बीच अब विशेषज्ञ डीप डाइवर्स और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद लेने की मांग भी उठने लगी है। छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भारतीय नौसेना के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स अथवा केंद्रीय विशेषज्ञ टीम को बुलाने की मांग की है।

ब्लू वाटर पर प्रशासन सख्त, फेंसिंग की तैयारी

लगातार सामने आ रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन ने भी ब्लू वाटर को लेकर सख्त रुख अपनाया है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा है कि हादसों को रोकने के लिए क्षेत्र में जल्द फेंसिंग कराई जाएगी और ब्लू वाटर में नहाने पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

फिलहाल परिजनों की नजरें रेस्क्यू टीम पर टिकी हैं। तीन दिन से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद भी आदिल का शव नहीं मिलने से परिवार में बेचैनी और चिंता का माहौल है। NDRF-SDRF की टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं और अब आधुनिक कैमरों तथा विशेषज्ञ संसाधनों के जरिए पानी की गहराई में तलाश को तेज करने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button