
राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत पल्स पोलियो अभियान के तृतीय एवं अंतिम दिवस पर आज दिनांक 23 दिसंबर 2025 को जिले में व्यापक स्तर पर घर-घर भ्रमण किया गया। इस दौरान जिले में कुल 4,41,852 घरों का भ्रमण किया गया। इनमें से 2,239 घरों में ताला बंद पाए जाने के कारण एक्स मार्किंग की गई, जबकि पूर्व दिवस में चिन्हित 1,863 घरों को आज एक्स से पी में परिवर्तित किया गया।
टीकाकरण अधिकारी डॉ. श्वेता सोनवानी ने बताया कि आज 23 दिसंबर को 12,342 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तीनों दिवसों को मिलाकर जिले में कुल 3,45,180 बच्चों का टीकाकरण किया गया, जिससे जिले ने अपने निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल किया। अंतिम दिवस पर घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए सभी बच्चों को अभियान में शामिल किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने पल्स पोलियो अभियान में सहयोग देने वाले सभी विभागों और टीमों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग, मितानिन कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग की मॉनिटरिंग टीम एवं बूथ लेवल कर्मचारियों के समन्वय और टीम वर्क के कारण रायपुर जिले ने पल्स पोलियो अभियान में लक्ष्य को पूर्ण किया है।


