
BREAKING : महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने बीजापुर प्रवास के दौरान विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुपोषण को कम करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में मंत्री राजवाड़े ने कहा कि बच्चों, महिलाओं और किशोरियों का पोषण और स्वास्थ्य अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में काम में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी छह महीनों में पोषण सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
मंत्री ने यह भी कहा कि अधिकारी घर-घर जाकर हितग्राहियों से मिलें और पर्यवेक्षक नियमित रूप से निरीक्षण करें ताकि योजनाओं की निगरानी मजबूत हो सके।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत की आवश्यकता है, उनकी सूची बनाकर जिला प्रशासन को जल्द भेजा जाए ताकि समय रहते कार्य प्रारंभ हो सके। साथ ही, योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुनिश्चित करने हेतु जनप्रतिनिधियों की मदद से जागरूकता अभियान चलाते रहने के निर्देश भी दिए गए।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने घोषणा की कि छह महीने बाद वह पुनः बीजापुर का दौरा कर योजनाओं की जमीनी हकीकत का मूल्यांकन करेंगी। इस समीक्षा बैठक में विभाग के संचालक श्री पदुम सिंह एल्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, परियोजना अधिकारी, एवं पर्यवेक्षकगण उपस्थित रहे।


