छत्तीसगढ़धार्मिक
Trending

परशुराम जयंती पूर्व संध्या पर रायपुर में भव्य महाआरती, संगठनों का सम्मान…

news82express.in

रायपुर। कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल की पहल पर शनिवार रात भगवान परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य महाआरती एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर आराध्य देव की आराधना की और सुमधुर भजनों का आनंद लिया।

इस अवसर पर जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न क्षेत्रों में आयोजन करने वाली दस संस्थाओं के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सत्यनारायण शर्मा, वीरेंद्र पांडेय, प्रमोद दुबे एवं पंकज शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

अतिथियों ने भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। विद्वान वक्ताओं ने भी उनके कृतित्व और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा एवं सचिव राजकुमार दीक्षित ने जानकारी दी कि आगामी वर्ष में जयंती को और अधिक भव्य स्वरूप देने के लिए सभी ब्राह्मण समाज द्वारा संयुक्त रूप से महाआरती और शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि वर्ष 2027 में जयंती उत्सव को महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा, ताकि आयोजन को और अधिक गरिमामय बनाया जा सके। साथ ही समाज में एकता को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम के संयोजक जयशंकर तिवारी रहे, जबकि संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजेश मिश्रा एवं विकास तिवारी ने किया। इस अवसर पर समाज के अनेक पदाधिकारी, महिला मंडल की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में विप्रजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button