
रायपुर/ रायपुर नगर पालिक निगम के जल विभाग द्वारा विजय नगर चौक के पास पेयजल वितरण पाइपलाइन में हुई लीकेज को ट्रेस कर तत्काल सुधार कार्य किया गया, जिसके बाद आज सुबह से महर्षि वाल्मीकि वार्ड अंतर्गत सेल्स टैक्स कॉलोनी, महामाया विहार, पिंक सिटी, गायत्री नगर एवं विजय नगर क्षेत्रों में रहवासी नागरिकों के घरों में स्वच्छ एवं क्लोरीनयुक्त पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, जल कार्य विभाग अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू एवं आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम जल विभाग तथा जोन क्रमांक 3 और 9 की टीमों द्वारा संबंधित क्षेत्रों में घर-घर जाकर नलों से प्राप्त पेयजल में क्लोरीन की मात्रा की जांच की गई, जिसमें सभी घरों में स्वच्छ और क्लोरीनयुक्त पेयजल पाया गया तथा कहीं से भी गंदे पानी की शिकायत नहीं मिली। इसके साथ ही जोन 3 और 9 के जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को महर्षि वाल्मीकि वार्ड क्षेत्र की सभी नालियों की आगामी एक सप्ताह में विशेष अभियान चलाकर सफाई कराने, कचरा व गंदगी हटाकर नालियों का निकास सुगम बनाने तथा इसकी सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई अभियान के दौरान यदि किसी नाली के भीतर से पाइपलाइन गुजरती पाई जाती है तो इसकी जानकारी तत्काल जल विभाग को देने और पाइपलाइन को नाली के बाहर निकालने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। नगर निगम जल विभाग को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ नालियों के भीतर से गुजर रही पाइपलाइनों को अभियानपूर्वक ट्रेस कर बाहर निकालने का कार्य क्षेत्र के नागरिकों के सहयोग से करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर में इंदौर जैसी किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही महर्षि वाल्मीकि वार्ड के रहवासियों से अपील की गई है कि वे इस कार्य में रायपुर नगर निगम जल विभाग, जोन 3 एवं जोन 9 के अमले को पूरा सहयोग प्रदान करें।


