
BREAKING : रायपुर। छत्तीसगढ़ में NEET-PG काउंसलिंग के नए नियमों को लेकर मेडिकल छात्रों में गहरा आक्रोश है। जानकारी के अनुसार 1 दिसंबर को जारी नई गाइडलाइन में बड़ा बदलाव किया गया है। अब तक राज्य के छात्रों के लिए 50% सीटें सुरक्षित रहती थीं, लेकिन नए नियम में इसे घटाकर 25% कर दिया गया है। इसी निर्णय के विरोध में पूरे छत्तीसगढ़ के मेडिकल छात्र धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही व्यवस्था में अचानक बदलाव राज्य के विद्यार्थियों के साथ अन्याय है। सीटों का कम होना स्थानीय छात्रों के लिए विशेषज्ञता की पढ़ाई के अवसरों को सीमित कर देगा और बाहर के छात्रों का अनुपात तेजी से बढ़ जाएगा।
रायपुर से लेकर कांकेर , बिलासपुर,कोरबा , जगदलपुर तक मेडिकल कॉलेजों के छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से नियम में तत्काल संशोधन की मांग की है ताकि छत्तीसगढ़ के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।

