BIG BREAKING : राजधानी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई – RPF और आबकारी विभाग ने पकड़े अंतर्राज्यीय तस्कर, 28 किलो गांजा जब्त
RPF की बड़ी सफलता

ब्रेकिंग: रायपुर। राजधानी रायपुर को नशामुक्त बनाने की दिशा में चल रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 28 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई रायपुर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में की गई। उनकी टीम ने ट्रेनों और स्टेशन परिसर में लगातार आकस्मिक चेकिंग करते हुए संदिग्धों पर नजर बनाए रखी। इसी दौरान तस्करों को दबोचने में सफलता मिली।
सूत्रों के अनुसार, रायपुर रेलवे सुरक्षा बल की टीम बीते कुछ दिनों से तस्करी की गतिविधियों पर विशेष निगरानी बनाए हुए थी। अभियान के दौरान संदिग्धों से गहन पूछताछ और तलाशी ली गई, जिसके बाद भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गौरतलब है कि राजधानी में नशे के खिलाफ अभियान को लेकर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सक्रिय हैं। वहीं, RPF भी अब पूरी मजबूती से इस मुहिम में जुटी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर उनकी टीम लगातार स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बना रही है। आकस्मिक निरीक्षण, संदिग्धों की पूछताछ और नशे के खिलाफ सघन चेकिंग अब नियमित रूप से की जा रही है।
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नशा तस्करों के खिलाफ राजधानी में अभियान और भी तेज होगा। रेलवे सुरक्षा बल और आबकारी विभाग की यह संयुक्त सफलता आने वाले समय में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट साबित होगी।
