BREAKING RAIPUR : एम्स रायपुर में लापरवाही का शर्मनाक मामला, मरीज को मजबूरन सड़क पर लेटना पड़ा,video देखें…
एम्स की लापरवाही शर्मसार

BREAKING: रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में गुरूवार को एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई, जिसने न केवल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए बल्कि इंसानियत को भी कटघरे में खड़ा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक मरीज की हालत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर आपातकालीन विभाग (इमरजेंसी) पहुँचे। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन हड़बड़ी में गाड़ी को पार्किंग में लगाने के बजाय सीधे अस्पताल भवन के समीप रोककर अंदर भागे ताकि डॉक्टरों को तुरंत दिखाया जा सके।
इसी बीच, अस्पताल प्रबंधन की ओर से तैनात गार्ड ने नियमों का हवाला देते हुए गाड़ी पर लॉक लगा दिया और साथ ही 200 रुपये का चालान भी काट दिया। जब मरीज का इलाज करवाने के बाद परिजन बाहर लौटे, तो उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ी पर लॉक लगा हुआ है। मजबूरी में गंभीर दर्द से कराहता मरीज अस्पताल से बाहर सड़क किनारे लेटने को विवश हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। एम्स परिसर में आए दिन इस तरह की समस्याएँ सामने आती हैं। मरीज और उनके परिजन सुविधा की जगह परेशानी झेलते हैं, लेकिन न तो अस्पताल प्रशासन और न ही शासन-प्रशासन इस पर ध्यान दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इमरजेंसी हालात में मरीजों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, न कि इस तरह की अमानवीय कार्रवाई। नियम अपनी जगह ज़रूर महत्वपूर्ण हैं, लेकिन मानवीय संवेदनाओं से बड़ा कोई नियम नहीं हो सकता।
लोगों की मांग है कि एम्स प्रबंधन को इस तरह की घटनाओं पर तुरंत संज्ञान लेते हुए ठोस व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज और उसके परिवार को इस तरह की अपमानजनक स्थिति का सामना न करना पड़े।



