TRENDINGछत्तीसगढ़धार्मिकवायरल ख़बरें
Trending

लोकसंस्कृति और संगीत का अद्भुत संगम : लोक गायक आयुष नामदेव ने दी प्रस्तुति…

News82express

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने वाला तातापानी महोत्सव–2026 तीन दिवसीय भव्य आयोजन के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रतिष्ठित महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ, जिससे आयोजन को विशेष गरिमा प्राप्त हुई।

महोत्सव के तीनों दिनों में लोकसंस्कृति, संगीत और कला का अनुपम संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बॉलीवुड, भोजपुरी एवं छत्तीसगढ़ी संगीत जगत के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। बॉलीवुड गायक श्री आदित्य नारायण, भोजपुरी सुपरस्टार श्री रितेश पांडे तथा पद्मश्री से सम्मानित छत्तीसगढ़ी कलाकार श्री अनुज शर्मा की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

युवा गायक आयुष नामदेव बने महोत्सव का विशेष आकर्षण

महोत्सव की अंतिम संध्या पर कोरिया जिले के प्रतिभाशाली युवा गायक श्री आयुष नामदेव ने सियाधेश म्यूजिक बैंड, रायपुर के साथ मंच साझा करते हुए अपनी ऊर्जावान और प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी सशक्त गायकी और मंचीय प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शक देर रात तक झूमते नजर आए।

आयुष नामदेव की गायन शैली, मंच पर प्रभावशाली उपस्थिति और दर्शकों से सहज संवाद ने उन्हें सभी आयु वर्ग में लोकप्रिय बना दिया है। वे आज न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देशभर में अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं। कोरिया एवं सरगुजा अंचल का नाम रोशन कर रहे आयुष नामदेव प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।

दर्शकों ने की कलाकारों की सराहना

महोत्सव में उपस्थित हजारों दर्शकों ने सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना की तथा इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

सांस्कृतिक विरासत को मिली नई पहचान

जिला प्रशासन बलरामपुर द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय महोत्सव न केवल पूर्णतः सफल रहा, बल्कि दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव भी साबित हुआ। तातापानी महोत्सव–2026 ने यह पुनः सिद्ध किया कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button