हनुमान जन्मोत्सव 2026:JCI द्वारा रायपुर में 1 अप्रैल को भव्य आयोजन…
News82express

रायपुर ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : रायपुर। धार्मिक आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देने वाले हनुमान जन्मोत्सव 2026 का भव्य आयोजन 1 अप्रैल को शाम 6:30 बजे से 10:00 बजे तक गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम में किया जाएगा। इस आयोजन का नेतृत्व JCI रायपुर नोबल द्वारा किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में मुंबई के प्रख्यात सुंदरकांड वाचक पं. प्रेम प्रकाश दुबे द्वारा भावपूर्ण सुंदरकांड पाठ होगा। उनके साथ प्रयागराज से आए संगीतज्ञों की टीम भी अपनी सुमधुर प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बनाएगी।
आयोजन में विशेष रूप से 1008 श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा, जो कार्यक्रम को भक्ति और ऊर्जा से भर देगा। इसके अलावा भगवान हनुमान को सवामणी भोग अर्पित किया जाएगा तथा भव्य महा मंगल आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर राम दरबार की विशेष स्थापना कर विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी, जिससे आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा और भी बढ़ेगी। इस अवसर पर प्रदेश के जनप्रतिनिधि, मंत्रीगण, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी।
आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, शीतलन, सुरक्षा, पार्किंग, चिकित्सा एवं अग्निशमन की व्यापक व्यवस्था की गई है।



