ऑपरेशन निश्चय: तिल्दा नेवरा में नशे का जखीरा पकड़ाया, 1 आरोपी गिरफ्तार…
News82express

रायपुर ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : रायपुर पुलिस (ग्रामीण) द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 250 ग्राम गांजा, 480 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (नाइट्रोसन), एक आईफोन और मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटर सायकल बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4,04,500 रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 71/26 के तहत धारा 20(बी), 22(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि एक युवक सासाहोली से अंडरब्रिज होकर तिल्दा की ओर नशीला सामान लेकर आ रहा है, जिस पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। आरोपी ने अपना नाम हर्ष सोनी (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 22 तिल्दा बताया और बैग में गांजा व प्रतिबंधित टेबलेट रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाशने की बात स्वीकार की। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को “बदलते अपराध पैटर्न” पर पुलिस की सख्त रणनीति का हिस्सा बताया गया है।



