
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई स्टेडियम के सामने दो गुटों के युवकों के बीच मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने भिड़ गए।
जानकारी के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और युवक एक-दूसरे पर झापड़, लात और घूंसे बरसाने लगे। इस दौरान कुछ युवकों द्वारा पत्थरबाजी भी की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक सड़क पर ही एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
लगातार सामने आ रही मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं से शहरवासियों में चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं और पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।


