
रायपुर ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक श्री सुनील सोनी ने नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 4 अंतर्गत ब्राम्हणपारा वार्ड 43, स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड 44 एवं मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड 45 क्षेत्र में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से 6 नये विकास कार्यों का भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ कराया। इस दौरान विधायक ने श्रीफल फोड़कर व कुदाल चलाकर नागरिकों के साथ कार्यारंभ किया और क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी।
विधायक सुनील सोनी ने सप्रे शाला परिसर में छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से बनने वाले भवन निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया। भवन निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर परिषद के महासचिव श्री चंद्रेश शाह, कोषाध्यक्ष श्रीमती इंदिरा जैन एवं कार्यकारिणी सदस्य श्री हरजीत सिंह जुनेजा ने विधायक सहित जोन 4 अध्यक्ष श्री मुरली शर्मा, एमआईसी सदस्य श्री अमर गिदवानी एवं ब्राम्हणपारा वार्ड पार्षद श्री अजय साहू का शॉल, स्मृति चिन्ह एवं बुके भेंट कर अभिनंदन किया।
इसके अलावा विधायक निधि से जिला अस्पताल कालीबाड़ी में जनऔषधालय हेतु कक्ष निर्माण, पुलिस हुडको कॉलोनी में रंगमंच निर्माण, सप्रे स्कूल के पास हनुमान मंदिर के बाजू में 15 लाख रुपये से सामुदायिक भवन निर्माण, ब्राम्हणपारा वार्ड में नवीन सरस्वती कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला (पुरानी बस्ती के पीछे) 11.69 लाख से नवीन आंगनबाड़ी निर्माण, सप्रे शाला मैदान में वॉलीबॉल कोर्ट निर्माण (9.80 लाख) सहित अन्य कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। विधायक ने कहा कि दक्षिण विधानसभा के वार्डों में विकास का कोई क्षेत्र अब अछूता नहीं रहेगा।
इस अवसर पर जोन 4 अध्यक्ष श्री मुरली शर्मा ने एक साथ कई विकास कार्यों का भूमिपूजन कर विधायक निधि से कार्य प्रारंभ कराने पर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी का जोन 4 की ओर से आभार व्यक्त किया।


