BREAKING :बाल आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने किया नवोदय विद्यालय का निरीक्षण, बच्चों पर क्रूरता के मामले का लिया संज्ञान
दोषी शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा होगी, आयोग ने त्वरित जांच की प्रक्रिया शुरू की

BIG BREAKING: रायपुर जिले के एक नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में बच्चों पर हुई क्रूरता के मामले का संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा आज तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने हॉस्टल में रह रहे पीड़ित बच्चों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली और विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विद्यालय के ज्योग्राफी शिक्षक ने बच्चों के साथ मारपीट की थी। इस घटना में एक बच्चे के हाथ में मामूली फ्रैक्चर और पैर में चोट आई है। विद्यालय की प्राचार्या द्वारा बच्चे का एक्सरे कराया गया, जिसमें चोट और फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
डॉ. शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि आयोग ने आधिकारिक रूप से संज्ञान लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए दोषी शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा की जाएगी।
डॉ. शर्मा का बयान
बच्चों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना की पूरी जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। — डॉ. वर्णिका शर्मा
बाल कल्याण समिति रायपुर के एक सदस्य को भी इस जांच टीम में शामिल किया गया है, ताकि मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।
आयोग ने आश्वासन दिया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

