छत्तीसगढ़रायपुरवायरल ख़बरें
Trending

BREAKING : कॉलोनी में सुविधाएं शून्य, फिर भी मेंटेनेंस का दबाव—रहवासियों ने किया धरना प्रदर्शन…

news82express

रायपुर ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : आस्क ग्रैंडीयोज कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और कार्यकारिणी की कथित मनमानी से परेशान रहवासियों ने आखिरकार धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाया। रहवासियों का आरोप है कि नवंबर 2025 में कॉलोनी के अध्यक्ष और कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन किया गया, लेकिन इस प्रक्रिया की जानकारी कई लोगों को नहीं दी गई।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि यहां किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं है। पानी की व्यवस्था के लिए लोग अपने निजी बोरवेल का सहारा लेने को मजबूर हैं। वहीं ट्रांसफार्मर से डीबी बॉक्स तक की अंडरग्राउंड वायरिंग खराब होने पर उसे भी अपने खर्च पर ठीक कराया जाता है। इसके अलावा अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम जाम होने पर उसकी मरम्मत भी रहवासियों को खुद करनी पड़ती है।

रहवासियों ने आरोप लगाया कि सुविधाएं न होने के बावजूद कार्यकारिणी द्वारा मेंटेनेंस शुल्क के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं, वर्तमान कार्यकाल से पहले का बकाया मेंटेनेंस भी मांगा जा रहा है, जबकि उस समय वर्तमान पदाधिकारी जिम्मेदारी में नहीं थे।

सुरक्षा और सुविधा के नाम पर भी स्थिति बदतर बताई जा रही है। कॉलोनी का गेट रहवासियों को स्वयं खोलना और बंद करना पड़ता है। साथ ही जोमैटो, ब्लू डार्ट जैसी डिलीवरी सेवाओं को कॉलोनी के अंदर आने की अनुमति नहीं दी जाती, जिससे लोगों को गेट तक जाकर सामान लेना पड़ता है।

रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलोनी के खाली स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने की कोशिश की जा रही है और आम लोगों को गार्डन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर जाने से रोका जाता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के भी आरोप लगाए गए हैं।

लगातार नोटिस भेजकर और कोर्ट में ले जाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप रहवासियों ने लगाया। उनका कहना है कि “जिसे जहां जाना है जाए” जैसे जवाब देकर उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

रहवासियों ने बताया कि उन्होंने 5 से 6 बार क्षेत्र के पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई है, साथ ही सहकारी समिति में भी कई बार आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button