शराब प्रेमियों के लिए खुश खबरी, होली पर खुली रहेगी शराब दुकान…
news82express

रायपुर (न्यूज 82 एक्सप्रेस): छत्तीसगढ़ में इस बार होली के मौके पर शराब की दुकानों को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य सरकार की नई आबकारी नीति के तहत होली के दिन शराब दुकानें बंद नहीं रहेंगी, बल्कि सामान्य दिनों की तरह खुली रहेंगी। पहले जहां त्योहार के दिन बिक्री पर रोक रहती थी, वहीं अब लोगों को पहले से शराब खरीदकर रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार ने इस वर्ष के लिए लागू की गई आबकारी नीति में सात ड्राई डे में से तीन को समाप्त कर दिया है। जिन दिनों को ड्राई डे की सूची से हटाया गया है, उनमें मुहर्रम, महात्मा गांधी निर्वाण दिवस और होली शामिल हैं। इससे इन अवसरों पर शराब बिक्री जारी रहेगी।
अब तक प्रदेश में होली के दिन शराब दुकानों को बंद रखने की व्यवस्था थी और कई स्थानों पर पुलिस प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरतता था। सार्वजनिक जगहों पर निगरानी रखी जाती थी ताकि अवैध बिक्री और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके। हर साल होली से पहले दुकानों पर भीड़ देखी जाती थी, क्योंकि लोग पहले ही खरीदारी कर लेते थे। कई बार त्योहार के दिन जरूरत पड़ने पर लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ती थी। हालांकि, इस बार ऐसी स्थिति बनने की संभावना कम है, क्योंकि जरूरत होने पर सीधे दुकान से खरीदारी की जा सकेगी। माना जा रहा है कि सरकार ने यह फैसला राजस्व संतुलन और प्रशासनिक प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से लिया है, वहीं त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर सकता है।

