रायपुर में भीषण सड़क हादसा: धान से भरा ट्रक पलटा, दो की मौत…
News82express

रायपुर ( न्यूज 82 एक्सप्रेस) : राजधानी में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर-बलौदाबाजार-भाटापारा मार्ग पर डी.पी.एस. स्कूल के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है।
धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें लदी धान की बोरियां पूरे रोड पर बिखर गईं, जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई |
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की चपेट में एक टैक्सी कार भी आ गई। दुर्घटना में टैक्सी चालक सहित सवार ग्राहक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया है। वहीं, सड़क पर फैली धान की बोरियों को हटाने और यातायात बहाल करने के लिए क्रेन और जेसीबी की मदद ली जा रही है।



