
रायपुर ( न्यूज 82 एक्सप्रेस) : गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के जल विभाग ने जोन क्रमांक 8 में पेयजल व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में नगर निगम जल विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू ने जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, पार्षदों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में जल आपूर्ति से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल परिवहन हेतु संचालित टैंकर परियोजना में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक वार्ड में चलने वाले टैंकरों की जानकारी संबंधित वार्ड पार्षदों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा जल आपूर्ति स्थलों का सत्यापन भी पार्षदों से कराया जाए। इसी प्रकार नए नल कनेक्शन के स्थानों का भी संबंधित वार्ड पार्षद से सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
जल विभाग अध्यक्ष ने विशेष रूप से जोन के टेल एंड (अंतिम छोर) क्षेत्रों में पर्याप्त और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। नवीन बोर खनन के लिए स्थान चयन में भी संबंधित वार्ड पार्षदों से समन्वय कर सत्यापन कराने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि नए बोर से क्षेत्र के अन्य जल स्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
समीक्षा के दौरान जोन जल विभाग में आवश्यक सामग्री—जैसे पंप, पैनल बॉक्स, रोल पाइप, हैंडपंप के उपकरण एवं पानी की टंकियां—पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
अंत में जल विभाग अध्यक्ष ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर संभावित पेयजल संकट वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करें और समय रहते आवश्यक तैयारी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि गर्मी के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

