
रायपुर ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम ‘चिरायु’ के तहत एक मासूम छात्रा को नया जीवन मिला है।
विकासखंड आरंग के ग्राम गुल्लु स्थित प्राथमिक शाला में चिरायु टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कक्षा चौथी की छात्रा प्रिया लोधी की हृदय गति असामान्य पाई गई। पूछताछ में सामने आया कि खेलते समय वह अत्यधिक थक जाती थी और उसे सांस फूलने की समस्या होती थी। टीम ने तुरंत उसके माता-पिता को बुलाकर हृदय रोग विशेषज्ञ से जांच कराने की सलाह दी।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार के लिए निजी अस्पताल में उपचार कराना मुश्किल था। ऐसे में सीएमएचओ के निर्देश पर 28 जनवरी 2026 को रायपुर स्थित एम.एम.आई नारायणा अस्पताल में ईको जांच कराई गई, जिसमें हृदय में छेद की पुष्टि हुई और ऑपरेशन आवश्यक बताया गया।
शासन की महत्वाकांक्षी ‘चिरायु योजना’ और जिला प्रशासन की नवाचारी पहल ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ के तहत 19 फरवरी 2026 को प्रिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 24 फरवरी को उसका निःशुल्क सफल ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के बाद 28 फरवरी को स्वस्थ होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।
इस सफल उपचार में स्वास्थ्य विभाग और चिरायु टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। प्रिया के माता-पिता ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनकी बेटी को नया जीवन दिया है।




