CG KHABAR : रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों पर फूलों की वर्षा, तैयारियां अंतिम चरण में…
रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों का पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत 8 सितंबर को

BREAKING NEWS : हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रायपुर नगर निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में राजधानी रायपुर में 8 सितंबर 2025 को श्रीगणेश मूर्ति विसर्जन की चल झांकियों का भव्य स्वागत पुष्पवर्षा के माध्यम से किया जाएगा। यह आयोजन शहर की सांस्कृतिक गरिमा और धार्मिक आस्था को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जय स्तंभ चौक स्थित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा के समीप बनाए गए नगर निगम के विशेष मंच से महापौर श्रीमती मीनल चौबे, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्यगण, जोन अध्यक्ष और वार्ड पार्षदगण झांकियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे।
इस संबंध में महापौर मीनल चौबे ने विसर्जन झांकी रूट की तैयारियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ संस्कृति विभाग के अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी और जोन-4 के कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव सहित अन्य निगम अधिकारी भी उपस्थित रहे। महापौर ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कोई बाधा न आए और श्रद्धालुजन पूरी श्रद्धा और शांति के साथ इस आयोजन में भाग ले सकें।
नगर निगम रायपुर द्वारा हर साल आयोजित यह पुष्पवर्षा कार्यक्रम गणेश विसर्जन के पावन अवसर पर न केवल धार्मिक महत्व रखता है बल्कि यह रायपुर की जीवंत संस्कृति, समरसता और उत्सवप्रियता को भी दर्शाता है। चल झांकियों के दौरान शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल होंगे, जिसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष दल तैनात किए जाएंगे। नगर निगम का यह प्रयास राजधानीवासियों को एक सुखद, सुव्यवस्थित और भक्ति से परिपूर्ण अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक प्रेरक कदम है।



