BREAKING : छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों की अनियमितताओं पर बड़ा एक्शन, दो आबकारी उपनिरीक्षक निलंबित…
news82express

रायपुर ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : छत्तीसगढ़ सरकार ने शराब दुकानों में अनियमितताओं और लापरवाही के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। आबकारी विभाग ने बलौदाबाजार-भाटापारा और बालोद जिले के दो आबकारी उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, बालोद में 53 पेटी अवैध शराब जब्ती मामले में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
आबकारी विभाग की जांच में शराब दुकानों में अधिक कीमत पर शराब बेचने, निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने तथा निरीक्षण और निगरानी में लापरवाही जैसे गंभीर मामलों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब बिक्री व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस कार्रवाई को सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ का हिस्सा बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं में संलिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



