दुर्ग बस स्टैंड पर 16 बच्चों का रेस्क्यू, बाल श्रम और मानव तस्करी की आशंका…
news82express

दुर्ग ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : बाल श्रम और मानव तस्करी की आशंका के बीच दुर्ग प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 16 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। राज्य बाल आयोग से मिली सूचना के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पद्मनाभपुर थाना पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार रात दुर्ग बस स्टैंड पर रायपुर से पहुंची एक बस की जांच की। रात करीब साढ़े आठ बजे बस के पहुंचते ही टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित उतारकर चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय पहुंचाया।प्रारंभिक जांच में 16 बच्चों में से 7 नाबालिग और 9 बालिग पाए गए हैं। सभी बच्चे कवर्धा जिले के बैगा जनजाति समुदाय से हैं। अधिकारियों के अनुसार बच्चे सुबह से भूखे-प्यासे थे। पूछताछ में सामने आया कि उन्हें पहले रायपुर में काम दिलाने का झांसा दिया गया था, जिसके बाद दुर्ग लाया गया।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि बच्चों को कचंदूर स्थित मॉडर्न एग्रो में काम कराने के लिए लाया जा रहा था। बस स्टैंड पर बच्चों को लेने पहुंचे रमेश नामक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने समय रहते कार्रवाई कर सभी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया। सभी बच्चों के दस्तावेजों की जांच, काउंसलिंग और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

