DPR ChhattisgarhHEALTHTRENDINGछत्तीसगढ़
Trending

आयुष ग्राम योजना अंतर्गत अकोली में स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित…

News82express

रायपुर ( न्यूज 82एक्सप्रेस) : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में आयुष विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित आयुष ग्राम योजना के अंतर्गत शासकीय औषधालय अकोली द्वारा औद्योगिक खनन क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना रहा।

शिविर में आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. राजलक्ष्मी शर्मा एवं योग चिकित्सक डॉ. नेहा साहू द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा रोगानुसार योग, प्राणायाम एवं संतुलित आहार संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही मरीजों को आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

शिविर के दौरान 44 मरीजों का बीपी एवं मधुमेह परीक्षण, 49 मरीजों का हीमोग्लोबिन परीक्षण तथा 15 मरीजों की एचआईवी जांच की गई। इसके अतिरिक्त किशोरी बालिकाओं को शतावरी एवं अशोकारिष्ट तथा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को शतावरी, धात्री लौह सहित अन्य आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया।

शिविर में महिलाओं एवं किशोरियों को पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा जागरूकता हेतु पाम्पलेट का वितरण भी किया गया। इस शिविर में कुल 117 मरीजों ने लाभ प्राप्त किया।

उल्लेखनीय है कि आयुष ग्राम योजना के अंतर्गत क्षेत्र में नियमित रूप से मासिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सुलभ एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button